“अनपेक्षित सामर्थ्य"
-लेखक अज्ञात
एक 10 वर्षीय लड़के ने जूडो सीखने का निर्णय लिया, हालांकि उसने एक भयानक कार दुर्घटना में अपना बायां हाथ खो दिया था।
लड़के ने एक बुजुर्ग जूडो मास्टर के साथ प्रशिक्षण शुरू किया। वह अच्छा कर रहा था, लेकिन वह यह समझ नहीं पा रहा था कि तीन महीने की कड़ी मेहनत के बाद भी मास्टर उसे केवल एक ही दांव क्यों सिखा रहे थे।
अंततः लड़के ने पूछा, "गुरुजी, क्या मुझे और दांव नहीं सीखने चाहिए?"
गुरु ने जवाब दिया, "यह एकमात्र दाँव है जो तुम जानते हो, लेकिन यही एकमात्र दाँव है जिसकी तुम्हें कभी भी जानने की आवश्यकता होगी।"
लड़का पूरी तरह से नहीं समझ सका, लेकिन उसने अपने गुरु पर विश्वास रखा और अभ्यास जारी रखा। कुछ महीनों बाद, गुरुजी उसे उसके पहले टूर्नामेंट में ले गए। आश्चर्यजनक रूप से, लड़के ने अपनी पहली दो लड़ाइयाँ आसानी से जीत लीं। तीसरी लड़ाई थोड़ी कठिन थी, लेकिन कुछ समय बाद प्रतिद्वंद्वी अधीर हो गया और उसने हमला कर दिया। लड़के ने चतुराई से अपना एकमात्र दांव खेला और जीत हासिल की। अपनी सफलता से हैरान लड़का अब फाइनल में पहुंच गया था।
इस बार उसका प्रतिद्वंद्वी बड़ा, मजबूत और अधिक अनुभवी था। कुछ देर तक ऐसा लग रहा था कि लड़का मुकाबले में टिक नहीं पाएगा। रेफरी को चिंता हुई कि लड़का चोटिल हो सकता है, इसलिए उसने टाइम-आउट ले लिया और मैच रोकने वाला था, तभी गुरुजी ने हस्तक्षेप किया और कहा, "नहीं, उसे जारी रखने दो।" मैच फिर से शुरू हुआ। तभी प्रतिद्वंद्वी ने एक गंभीर गलती कर दी – उसने अपनी सुरक्षा खो दी। लड़के ने झट से अपना दांव खेला और उसे गिरा दिया। लड़के ने न केवल वह मुकाबला जीता बल्कि पूरा टूर्नामेंट भी जीत लिया। वह चैंपियन बन गया था।
घर लौटते समय, लड़के और गुरुजी ने प्रत्येक मुकाबले की हर चाल की समीक्षा की। अंततः लड़के ने साहस जुटाकर वह सवाल पूछ लिया जो उसके मन में था, "गुरुजी, मैंने केवल एक ही दांव से टूर्नामेंट कैसे जीत लिया?"
गुरुजी ने उत्तर दिया, "तुम दो कारणों से जीते। पहला, तुमने जूडो के सबसे कठिन दांवों में से एक को लगभग पूरी तरह से सीख लिया है। और दूसरा, इस दांव का बचाव करने का एकमात्र तरीका यह है कि तुम्हारा प्रतिद्वंद्वी तुम्हारे बाएँ हाथ को पकड़ ले।"
लड़के की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी सबसे बड़ी ताकत बन गई थी।
चिंतन के लिए प्रश्न:
- क्या आप अपने जीवन में किसी ऐसे समय को याद कर सकते हैं जब आपने जिसे अपनी कमजोरी के रूप में देखा वह ही आपकी ताकत बन गई?
- यदि आप इस कहानी के सबक को अपने जीवन में लागू कर सकते हैं, तो आप क्या अलग तरीके से करेंगे?
- अन्य शिक्षकों ने आपके जीवन में इस नजरिए को कैसे बदला है कि जीवन में बहुत कुछ मुमकिन दिखे ?
Seed Questions for Reflection
Can you think of a time when something you saw as a weakness turned out to be a strength? If you could apply the lesson from this story to your life, what would you do differently? How have other teachers in your life influenced what you see as possible?