मन से आशीर्वाद की शक्ति, द्वारा नओमी रेचल
हम अपने आसपास के जीवन को कितना मन से आशीर्वाद देते हैं, उसका एहसास हमें स्वयं भी नहीं होता। हमारे रोज़मर्रा के अनेक छोटे-छोटे, साधारण-से दिखने वाले काम हमारे आसपास के लोगों को गहरे रूप से प्रभावित कर सकते हैं—अचानक किसी को किया गया फ़ोन, किसी को हल्के से छू लेना, उदार मन से उसकी बात सुनने के लिए तत्पर होना, आत्मीय मुस्कान देना या पहचान की एक छोटी-सी आँखों की झपक। हम अनजान लोगों के जीवन में भी एक आशीर्वाद बनकर उतर सकते हैं और उनसे स्वयं भी आशीर्वाद पा सकते हैं। बड़े संदेश अक्सर छोटे-छोटे उपहारों में आते हैं। किसी व्यक्ति का जीवन के प्रति विश्वास, फिर से, जगाने के लिए शायद इतना ही काफ़ी है, कि हम उसे उसकी खोई हुई बाली या उसका कहीं गिरा हुआ दस्ताना लौटा दें।
एक बार एक महिला ने मुझसे कहा कि उसे अपने आसपास के लोगों की ओर हाथ बढ़ाने की कोई आवश्यकता महसूस नहीं होती, क्योंकि वह प्रतिदिन प्रार्थना करती है। निश्चय ही, इतना तो पर्याप्त ही होना चाहिए। लेकिन प्रार्थना ईश्वर के साथ हमारे संबंध की बात है, जबकि किसी को मन से आशीर्वाद देना हमारे भीतर और दूसरे के भीतर विद्यमान ईश्वरीय चिंगारी से हमारे संबंध की बात है। संभव है कि ईश्वर को हमारे ध्यान की उतनी आवश्यकता न हो, जितनी बस में हमारे बगल में बैठे व्यक्ति को या सुपरमार्केट में हमारे पीछे कतार में खड़े व्यक्ति को है। इस संसार में हर व्यक्ति महत्त्व रखता है और हर व्यक्ति से मिलने वाला आशीर्वाद भी। जब हम दूसरों को मन से आशीर्वाद देते हैं, तो हम उन्हें इस उदासीन संसार के बीच एक आश्रय प्रदान करते हैं—ऐसी जगह, जहाँ वे अपनापन और संवेदना महसूस कर सकें।
जीवन को आशीर्वाद देने की क्षमता हर व्यक्ति में है। बीमारी या उम्र बढ़ने से हमारे आशीर्वाद की शक्ति कम नहीं होती। इसके विपरीत, जैसे-जैसे हम उम्र में आगे बढ़ते हैं, हमारे आशीर्वाद और भी शक्तिशाली होते जाते हैं। जीवन के अनुभवों के थपेड़ों को सहकर भी वे हमारे भीतर बने रहते हैं। संभव है कि हम एक लंबा और कठिन रास्ता तय करके उस मुकाम तक पहुँचे हों, जहाँ हम एक बार फिर याद कर सकें कि हम वास्तव में कौन हैं। हमने यह यात्रा की है और स्वयं को फिर से पहचाना है—हमारा यह अनुभव उन लोगों के भीतर आशा जगाता है, जिन्हें हम आशीर्वाद देते हैं। शायद समय के साथ वे भी उस जगह को याद कर सकें, जो प्रतिस्पर्धा और संघर्ष से परे है; वह जगह जहाँ हम एक-दूसरे से जुड़े हैं, जहाँ हम एक-दूसरे के हैं...
मैंने यह करना सबसे पहले उन लोगों से सीखा जो मृत्यु के निकट थे। अपने जीवन के अंतिम पड़ाव पर पहुँचकर वे अपने आसपास के लोगों के साथ अधिक सच्चे और प्रामाणिक संबंध बनाने लगे थे, क्योंकि अब उनके लिए केवल वही मायने रखता था जो वास्तविक और निष्कपट था। इसके पूर्व , दूसरों की स्वीकृति पाने के लिए उन्होंने स्वयं को जिस तरह बदल लिया था, अब उन सारे मुखौटों को उन्होंने छोड़ दिया था। और ऐसा करके उन्होंने दूसरों के लिए भी अपने मुखौटे उतारना सुरक्षित बना दिया था |
— रेचल नाओमी रेमेन