दहलीज़ के उस पार
शेरोन साल्ज़बर्ग (Sharon Salzberg)
“हमें प्रेम की तलाश में बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है; बल्कि हमें शांत होकर ठहरना है, ताकि प्रेम स्वयं हमें खोज सके।” — जॉन ओ’डोनोह्यू
बचपन से ही हमें प्रेम के बारे में तरह-तरह की कहानियाँ सुनाई जाती रही हैं। हम अपेक्षा करते हैं कि प्रेम हमें उल्लास, आनंद, स्नेह, जुनून, मिठास, कोमलता, सुकून, सुरक्षा और न जाने कितनी अनुभूतियाँ एक साथ देगा।
लेकिन इन तमाम धारणाओं और कहानियों से परे, मनुष्य होने के नाते हमारे भीतर स्वाभाविक रूप से एक गहरी आकांक्षा होती है—किसी से जुड़ने की, अपनापन पाने की, इस संसार में अपना एक घर और अपना स्थान महसूस करने की। हम ऊष्मा चाहते हैं, संभावनाएँ चाहते हैं, उस अधिक समृद्ध और पूर्ण जीवन की तलाश करते हैं, जिसका वादा प्रेम हमें करता हुआ प्रतीत होता है।
हमारे भीतर कहीं यह अनुभूति भी होती है कि प्रेम का एक वास्तविक और गहरा स्वरूप संभव है, जो उन सीमित दायरों से कहीं आगे है, जिनमें हमें अब तक जीना सिखाया गया है। यह कोई आदर्शवादी कल्पना या केवल बौद्धिक विचार नहीं है, बल्कि एक जीवंत संभावना है। हमें भीतर से आभास होता है कि हम स्वयं से और एक-दूसरे से कहीं अधिक गहराई से जुड़ सकते हैं।
मेरे अपने जीवन में एक निर्णायक मोड़ 1985 में आया, जब मैंने बर्मा में एक ध्यान शिविर में भाग लिया। वहाँ मैं मैत्री-भावना (Loving-kindness) के गहन ध्यान का अभ्यास कर रही थी। पूरे दिन मैं अपने और दूसरों के लिए मंगलकामना के भाव दोहराती रहती थी। जैसे—“मैं सुखी रहूँ, तुम सुखी रहो।”
इस अभ्यास के दौरान एक क्षण ऐसा आया, जब मुझे लगा कि मैं एक दहलीज़ पर आ पहुँची हूँ।
उस दहलीज़ के इस ओर मेरी अपनी वह पुरानी और प्रचलित धारणा खड़ी थी, जिसमें मैं स्वयं को ऐसा व्यक्ति मानती थी, जो अपने जीवन में प्रेम का अनुभव करने के लिए पूरी तरह किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर है।
मानो प्रेम कोई पार्सल हो, जो किसी सर्वशक्तिमान डाकिये के हाथ में हो। और यदि वह व्यक्ति मेरे दरवाज़े तक आकर अपना मन बदल ले और बिना कुछ दिए लौट जाए, तो मैं प्रेम से पूरी तरह वंचित रह जाऊँगी—अधूरी, अपूर्ण और उस प्रेम से खाली, जिसकी मुझे इतनी गहरी चाह थी।
लेकिन उस दहलीज़ के दूसरी ओर मेरी एक दूसरी ही छवि थी—उस व्यक्ति की, जिसके होने का मुझे भीतर कहीं आभास था। एक ऐसा व्यक्ति, जिसके भीतर प्रेम करने की अपनी सहज और स्वतंत्र क्षमता मौजूद थी। ऐसी क्षमता, जो इस बात पर निर्भर नहीं थी कि कौन उसके जीवन में उपस्थित है या परिस्थितियाँ कैसी हैं।
दूसरे लोग उस प्रेम को और गहरा कर सकते थे, उसे समृद्ध कर सकते थे या उसकी परीक्षा ले सकते थे, लेकिन न तो कोई दूसरा व्यक्ति मेरे भीतर प्रेम की इस क्षमता को पैदा कर सकता था और न ही उसे मुझसे छीन सकता था।
और मैंने वह दहलीज़ पार कर ली।
मुझे यह समझ आया कि जब तक मैं स्वयं को प्रेम पाने वाले एक निष्क्रिय व्यक्ति के रूप में देखती रहूँगी, तब तक एक मनुष्य के रूप में सचमुच खिल नहीं सकूँगी। उस स्थिति में बहुत सारा इंतज़ार है, और जब अपेक्षाएँ पूरी नहीं होतीं, तो टूटे हुए मन को सँभालने की कोशिशें हैं। धीरे-धीरे एक तरह की भावनात्मक सुन्नता भी आ जाती है।
लेकिन मैं निश्चित ही प्रेम की सजीव अभिव्यक्ति बनकर खिल सकती थी।
मेरी दृष्टि में सच्चा प्रेम हमारी जन्मजात क्षमताओं में सबसे मूलभूत क्षमता है। हमने अपने जीवन में चाहे जो कुछ भी झेला हो या भविष्य में जो भी झेलना पड़े, यह क्षमता कभी नष्ट नहीं होती।
हो सकता है कि यह हमारे भीतर कहीं गहराई में दब गई हो, हमारी नज़रों से ओझल हो गई हो, इसे ढूँढ़ना कठिन हो या इस पर भरोसा करना मुश्किल हो जाए… लेकिन यह हमारे भीतर हमेशा मौजूद रहती है।
मेरा विश्वास है कि प्रेम का केवल एक ही वास्तविक स्वरूप है—सच्चा प्रेम। वह हमारे भीतर प्रकट होने और जीवंत होने का प्रयास करता रहता है, बावजूद इसके कि हमारी सीमित धारणाएँ, हमारी संस्कृति की विकृतियाँ और भय, आत्म-निंदा तथा अलगाव की वे आदतें, जिन्हें हम जीवन जीते-जीते अपने भीतर जमा कर लेते हैं, उसके मार्ग में बाधा बनती रहती हैं।
हम सभी के भीतर सच्चे प्रेम को अनुभव करने की क्षमता है।
सच्चा प्रेम अपने साथ एक गहरी और सशक्त अनुभूति लेकर आता है—यह पहचान कि अपने घावों, भय और अकेलेपन के बावजूद हम भीतर से पूर्ण हैं, जीवंत हैं।
यह एक ऐसी अवस्था है, जहाँ हम स्वयं को अपनी ही दृष्टि में और दूसरों की दृष्टि में भी पूरी स्पष्टता के साथ देखे जाने की अनुमति देते हैं। और बदले में, हम भी अपने आसपास के संसार को उसी स्पष्टता और खुलेपन से देखने का भाव विकसित करते हैं।
यह ऐसा प्रेम है, जो हमें भीतर से स्वस्थ करता है, हमारे घावों को भरता है और हमें संपूर्णता की ओर ले जाता है।
मनन के लिए बीज प्रश्न
Seed Questions for Reflection
1. प्रेम की प्रतीक्षा से प्रेम की अपनी क्षमता को पहचानने तक
शेरोन साल्ज़बर्ग एक ऐसे क्षण का वर्णन करती हैं, जब उन्हें एहसास हुआ कि वे अब तक इस तरह जी रही थीं, मानो प्रेम कोई ऐसी वस्तु हो, जिसे कोई दूसरा व्यक्ति उन्हें दे सकता है या उनसे छीन सकता है।
आप इस तनाव को किस तरह अनुभव करते हैं—एक ओर प्रेम पाने की हमारी बहुत मानवीय और स्वाभाविक आकांक्षा, और दूसरी ओर यह संभावना कि प्रेम की क्षमता पहले से ही हमारे भीतर जीवित है?
क्या आप अपने जीवन का कोई ऐसा अनुभव साझा कर सकते हैं, जब आपने भी ऐसी ही कोई दहलीज़ पार की हो? शायद किसी निराशा, एकांत या किसी अप्रत्याशित मुलाकात ने आपके भीतर कुछ बदल दिया हो और आप प्रेम की प्रतीक्षा करने के बजाय स्वयं प्रेम देने और बाँटने की अपनी क्षमता को पहचान पाए हों।
2. जब प्रेम का प्रत्युत्तर न मिले
शेरोन कहती हैं कि दूसरे लोग हमारे भीतर प्रेम की क्षमता को बढ़ा सकते हैं, उसे चुनौती दे सकते हैं, लेकिन वे न तो उसे हमें दे सकते हैं और न ही हमसे छीन सकते हैं।
यदि हम इस बात को सचमुच समझ लें, तो हमारे रिश्तों को जीने का हमारा तरीका किस तरह बदल सकता है?
विशेषकर तब, जब हमारे प्रेम का प्रत्युत्तर न मिले, जब किसी रिश्ते में अपनी सीमाएँ निर्धारित करना आवश्यक हो या जब कोई प्रिय व्यक्ति हमारे जीवन में उपस्थित न रह जाए।
ऐसे समय में हम अपने हृदय को खुला कैसे रख सकते हैं, बिना स्वयं को खोए? कौन-सी बात हमें प्रेमपूर्ण बने रहने में सहारा देती है?
Excerpted from her book, Real Love.
Sharon Salzberg describes a moment when she realized she had been living as though love were a package someone else could deliver — or take away. How do you relate to this tension between our very human longing to be loved and the possibility that love is also a capacity already alive within us? Can you share a personal story of crossing such a threshold — perhaps a time when disappointment, solitude, or an unexpected encounter shifted you from waiting for love to discovering your own capacity to offer it? Sharon suggests that others may enhance or challenge our capacity for love, but cannot ultimately bestow it upon us or take it away. How might this change the way we enter relationships, especially when love isn't reciprocated, when boundaries are needed, or when someone we cherish is no longer present? What helps you keep your heart open without losing yourself?