निरंतर प्रार्थना द्वारा आर अम फ्रेंच
पेंतेकोस्त के चौबीसवें रविवार को मैं लिटर्जी (क्रिश्चियन धर्म में पूजा की एक विधि) के दौरान अपनी प्रार्थनाएँ करने के लिए चर्च गया। संत पौलुस का थिस्सलुनीकियों को लिखा गया पहला पत्र पढ़ा जा रहा था, और अन्य शब्दों के बीच मैंने ये शब्द सुने "निरंतर प्रार्थना करो।" यह वचन अन्य सभी से अधिक मेरे मन में गूंजने लगा, और मैं सोचने लगा कि यह कैसे संभव है कि कोई निरंतर प्रार्थना कर सके, जबकि मनुष्य को अपनी जीविका के लिए अन्य बातों का भी ध्यान रखना पड़ता है। मैंने अपनी बाइबल उठाई और स्वयं अपनी आंखों से वही शब्द पढ़े जो मैंने सुने थे— कि हमें सदा, हर समय और हर स्थान पर उठे हुए हाथों से प्रार्थना करनी चाहिए। मैंने बहुत सोचा, पर यह नहीं समझ पाया कि यह निरंतर आंतरिक प्रार्थना कैसे संभव है।
मेरे भीतर ज्ञान की तीव्र इच्छा और प्यास जाग उठी। दिन हो या रात यह विषय मेरे मन से कभी दूर नहीं हुआ। [मैंने एक वृद्ध व्यक्ति से पूछा], "कृपया मुझे धर्मदूत के इन शब्दों का अर्थ समझाइए— 'निरंतर प्रार्थना करो।' यह कैसे संभव है कि कोई बिना रुके प्रार्थना करे? मैं बहुत कुछ जानना चाहता हूँ, पर कुछ भी समझ नहीं पा रहा हूँ।
धन्य हो तुम, मेरे प्रिय भाई, कि ईश्वर ने तुम्हारे भीतर यह बुझाई न जा सकने वाली निरंतर आंतरिक प्रार्थना की प्यास जगाई है। इसे ईश्वर की पुकार के रूप में पहचानो, और अपने मन को शांत करो। निश्चिंत रहो कि अब तक जो कुछ तुम्हारे भीतर घटित हुआ है, वह तुम्हारी इच्छा और ईश्वर की वाणी के सामंजस्य की परीक्षा है। तुम्हें यह समझ पाने की कृपा मिली है कि निरंतर आंतरिक प्रार्थना की दैविक ज्योति संसार की बुद्धि या केवल ज्ञान की बाहरी इच्छा से नहीं प्राप्त होती, बल्कि यह आत्मा और हृदय की सरलता के सक्रिय अनुभव के द्वारा प्राप्त होती है।
इसीलिए यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि तुमने प्रार्थना के मूल कार्य के विषय में कुछ नहीं सुना, और न ही वह ज्ञान प्राप्त किया जिससे निरंतर प्रार्थना की क्रियाशीलता प्राप्त हो सके। निस्संदेह, प्रार्थना के बारे में बहुत कुछ उपदेश दिया गया है, और विभिन्न लेखकों की शिक्षाओं में इसके विषय में बहुत कुछ लिखा भी गया है। लेकिन उनके अधिकांश तर्क केवल अटकलों और सांसारिक बुद्धि के आधार पर होते हैं, सक्रिय अनुभव पर नहीं। इसलिए वे प्रार्थना के गुणों पर उपदेश देते हैं, न कि प्रार्थना की वास्तविक प्रकृति पर।
कोई व्यक्ति खूबसूरती से प्रार्थना की आवश्यकता पर तर्क करता है, कोई इसकी शक्ति और इससे प्राप्त होने वाले आशीषो के बारे में बोलता है, कोई तीसरा उन बातों पर चर्चा करता है जो प्रार्थना में परिपूर्णता तक ले जाती हैं, जैसे उत्साह की अनिवार्यता, एक सजग मन, स्नेहपूर्ण हृदय,विचारों की पवित्रता, शत्रुओं से मेल-मिलाप, विनम्रता, पश्चाताप आदि।
लेकिन प्रार्थना है क्या? और कोई प्रार्थना करना कैसे सीखता है? ये प्रश्न जितने मूल और आवश्यक हैं, उतने ही दुर्लभ रूप से आज के उपदेशकों द्वारा स्पष्ट किए जाते हैं। क्योंकि ये प्रश्न उन सभी तर्कों से अधिक कठिन हैं जिनका मैंने ऊपर उल्लेख किया है, और इनके लिए केवल स्कूल की शिक्षा नहीं, बल्कि रहस्यात्मक (आध्यात्मिक) ज्ञान की आवश्यकता होती है।
और सबसे दुखद बात यह है कि संसार की व्यर्थ बुद्धि उन्हें ईश्वरीय मानदण्ड पर मानवीय मानदण्ड लागू करने के लिए बाध्य करती है। बहुत से लोग प्रार्थना के बारे में उल्टे तर्क करते हैं, यह सोचकर कि अच्छे कार्य और सभी प्रकार की पूर्व तैयारियाँ हमें प्रार्थना के योग्य बनाती हैं। लेकिन सच्चाई इसके ठीक विपरीत है; वास्तव में प्रार्थना ही है जो अच्छे कार्यों और सभी गुणों में फल लाती है। जो लोग इस प्रकार तर्क करते हैं, गलती से, वे प्रार्थना के फलों और परिणामों को ही उसके साधन मान लेते हैं, और यह प्रार्थना की शक्ति का अपमान है।
और यह बात पवित्र शास्त्रों के भी विरुद्ध है, क्योंकि धर्मगुरु पौलुस कहते हैं, "इसलिए मैं यह आग्रह करता हूँ कि सबसे पहले प्रार्थना की जाएँ" (1 तीमुथियुस 2:1)। धर्मगुरु के शब्दों में सबसे पहले जिस बात पर ज़ोर दिया गया है, वह यह है कि प्रार्थना का कार्य हर चीज़ से पहले आता है: "सबसे पहले।" मसीही (ईसाई) व्यक्ति को अनेक अच्छे कार्य करने होते हैं, परंतु सबसे पहले जो उसे करना चाहिए वह है — प्रार्थना करना; क्योंकि बिना प्रार्थना के कोई भी अच्छा कार्य पूरा नहीं किया जा सकता।
प्रार्थना के बिना वह प्रभु का मार्ग नहीं पा सकता, वह सत्य को नहीं समझ सकता, वह अपनी देह को उसकी वासनाओं और इच्छाओं के साथ क्रूस(शूलि) पर नहीं चढ़ा सकता, उसका हृदय ईसा मसीह के प्रकाश से प्रकाशित नहीं हो सकता, और वह ईश्वर से उद्धारकारी एकता प्राप्त नहीं कर सकता।
इनमें से कोई भी बात पूरी नहीं हो सकती जब तक कि उसके पहले निरंतर प्रार्थना न हो। मैं 'निरंतर' इसलिए कहता हूँ क्योंकि प्रार्थना की परिपूर्णता हमारे अधिकार में नहीं है; जैसे धर्मगुरु पौलुस कहते हैं, "हम नहीं जानते कि हमें किस प्रकार प्रार्थना करनी चाहिए" (रोमियों 8:26)
इसलिए यह उचित है कि हम बार-बार प्रार्थना करें, सदा प्रार्थना करें, क्योंकि यही वह मार्ग है जो हमारे वश में है और जिसके द्वारा प्रार्थना की पवित्रता प्राप्त होती है — जो कि सभी आत्मिक आशीषों की जननी है। संत इसहाक सीरियाई ने कहा था, ‘माँ को अपने साथ ले लो, और वह बच्चों को ले ही आएगी’।
सबसे पहले प्रार्थना की शक्ति प्राप्त करना सीखो, और तब तुम अन्य सभी गुणों का अभ्यास सहजता से कर सकोगे। परंतु जिन लोगों को इसका व्यावहारिक अनुभव नहीं है और जिन्होंने पवित्र संतों की गहनतम शिक्षाओं को नहीं जाना, उन्हें इसकी स्पष्ट समझ नहीं है और वे इसके बारे में बहुत कम बोलते हैं।
मनन के लिए मूल प्रश्न
1. "निरंतर प्रार्थना" का आपके लिए क्या अर्थ है?
2.क्या आप किसी ऐसे क्षण को याद कर सकते हैं जब प्रार्थना अनुशासन से नहीं, बल्कि एक गहरी प्यास या आकांक्षा से उत्पन्न हुई थी? उस अनुभव ने आपकी प्रार्थना की समझ को कैसे बदला?
3.क्या आपको लगता है कि अच्छे कार्य आपको प्रार्थना की ओर ले जाते हैं, या प्रार्थना आपको अच्छे कार्यों की ओर ले जाती है? क्या कभी आपके अनुभव ने इस तर्क को पलट दिया है?
4.ईश्वर के लिए मानवीय मापदंड लागू करना, इसका क्या अर्थ है?
Excerpted from
The Way of the Pilgrim. The Russian pilgrim's name is unknown, but the English translation is by RM French.
Seed Questions for Reflection
What does "prayer without ceasing" mean to you? Can you recall a moment when prayer arose not from discipline, but from deep longing? How did it change your understanding of prayer? Do you feel that good actions lead you into prayer, or that prayer leads you to good action? Has your experience ever flipped that logic? What does it mean to apply a "human standard to the divine"?