“सजग आशा से भरी प्रतिज्ञाएँ”
- जोआना मैसी के द्वारा
दो हफ्तों की एक गहन वर्कशॉप की अंतिम दोपहर, जोआना मैसी टहल रही थीं जब उनकी मुलाकात रिट्रीट सेंटर के एक युवा भिक्षु से हुई।उसने कहा, “अब जबकि आज अंतिम दिन है, मुझे लगता है आप लोगों को कुछ प्रतिज्ञाएँ दिलवाएँगी।”
जोआना ने जवाब दिया कि वह ऐसा कुछ नहीं करतीं।
“अफ़सोस,” उसने कहा, “मेरे अपने जीवन में, प्रतिज्ञाएँ मुझे बहुत सहारा देती हैं क्योंकि वे मेरी ऊर्जा को उस दिशा में मोड़ती हैं जो मैं वास्तव में करना चाहता हूँ।”
टहलते हुए, जोआना ने सोचा—अगर हमें प्रतिज्ञाएँ लेनी ही हों, तो वे पाँच से अधिक नहीं होनी चाहिए—बस उतनी, जितनी एक हाथ की उंगलियाँ और अंगूठा।
और तभी, उनके भीतर से ये पाँच प्रतिज्ञाएँ सहज रूप से निकल आईं:
मैं स्वयं से और आप सभी से प्रतिज्ञा करती/करता हूँ:
1. कि मैं प्रतिदिन इस संसार के उपचार और सभी प्राणियों के कल्याण के लिए समर्पित रहूँगा|
2. कि मैं पृथ्वी पर अधिक संयम और अहिंसक तरीके से जियूँगा — अपने भोजन, उपभोग की वस्तुओं और ऊर्जा के उपयोग में।
3. कि मैं शक्ति और मार्गदर्शन प्राप्त करूँगा — जीवंत पृथ्वी से, अपने पूर्वजों से, भविष्य की संतानों से, और सभी जीव-जंतुओं को अपने भाई-बहन मानकर।
4. कि हम एक-दूसरे का साथ देंगे इस दुनिया के लिए किए जा रहे अपने कार्यों में — और जब भी मुझे ज़रूरत महसूस होगी, मदद माँगने से नहीं हिचकूँगा।
5. कि मैं एक ऐसी दैनिक साधना प्रैक्टिस अपनाऊँगा जो मेरे मन को निर्मल करे, मेरे हृदय को मजबूत बनाए और इन प्रतिज्ञाओं का पालन करने में मेरी मदद करे।
जब वर्कशॉप के प्रतिभागियों से पूछा गया कि वे इन प्रतिज्ञाओं के बारे में क्या सोचते हैं, तो उन्होंने जोश से कहा, “हाँ, बिल्कुल!”
वर्कशॉप अब समाप्त हो रही थी, और सभी प्रतिभागी अब अलग-अलग और दूर-दूर जाने वाले थे — लेकिन इन प्रतिज्ञाओं ने उन्हें एक दूसरे और स्वयं से गहराई से जोड़ दिया।
शब्द “मैं स्वयं से और आप सभी से प्रतिज्ञा करता/करती हूँ” — उन लोगों को भी याद दिलाते हैं जो हमारे साथ नहीं हैं, पर हमारे मन और कर्मों में साथी हैं।
अगर “प्रतिज्ञा” शब्द हमें औपचारिक लगे, तो हम इन्हें “संकल्प” या “इरादों का विवरण” भी कह सकते हैं।
ये संकल्प हमें बार-बार यह याद दिलाते हैं कि हमारे लिए हकीकत में क्या मायने रखता है — और कौन-से आचरण हमारे उस उद्देश्य की सेवा करते हैं।
मनन के लिए मूल प्रश्न:
- आप इस धारणा को कैसा मानते हैं कि प्रतिज्ञाएँ या संकल्प आपकी आतंरिक ऊर्जा को आपके सबसे गहरे इरादों के साथ जोड़ने में मदद करती हैं?
- क्या आप कोई उस समय की निजी कहानी साझा कर सकते हैं जो आपके किसी संकल्प या वचन को अपनाने एवं उसके द्वारा अपने सच्चे मूल्यों के प्रति ईमानदार बनाए रखने, को उजागर करती हो ?
- आपको आपकी रोज़ की साधना (प्रैक्टिस) , जो आपके मन को निर्मल, हृदयको दृढ़ और आपको अपने मूल्यों के अनुसार जीने में सहारा देती हो, को जारी रखने में किस चीज़ से मदद मिलती है ?