
नायक(हीरो) को मरने देना
पॉल वेनफ़ील्ड के द्वारा
लेनार्ड कोहेन ने कहा कि उनके शिक्षक ने एक बार उन्हें बताया था कि जैसे-जैसे आप बड़े होते हैं, आप और अधिक अकेले हो जाते हैं, और आपको उतना ही गहरा प्रेम चाहिए होता है। इसका कारण यह है कि जीवन की यात्रा में हम अक्सर अपनी कहानी के नायक (हीरो) के रूप में खुद को अत्यधिक पहचानने लगते हैं।
यह नायक वास्तव में मज़े नहीं कर रहा है: वह धक्के खा रहा है, अपमानित हो रहा है और बदनामी झेल रहा है। लेकिन अगर हम उससे अपनी पहचान को छोड़ सकें(अगर हम खुद को उससे जोड़ना बंद कर दें), तो हम ब्रह्मांड में अपनी सही जगह पा सकते हैं, और ऐसा प्रेम पा सकते हैं जो अब तक हमने कभी महसूस नहीं किया।
लोग अक्सर “हीरो की यात्रा” शब्द का इस्तेमाल करते हैं, बिना यह जाने कि इसका असली मतलब क्या है। सीईओ से लेकर वेलनेस-इन्फ्लुएंसर्स तक, हर कोई सोचता है कि हीरो की यात्रा का मतलब है अपने डर का सामना करना, एक ड्रैगन को मार गिराना, और इंस्टाग्राम पर 25 हज़ार फॉलोअर्स पाना। लेकिन यह असली हीरो की यात्रा नहीं है।
असली हीरो की यात्रा में, ड्रैगन आपको मार देता है। आप हैरान हैं कि आप विवाह को सफल नहीं बना सके। आप हैरान हैं कि आप चालीस के हो गए, बिना बच्चों, बिना घर, और बिना किसी भविष्य की संभावना के। आप हैरान है कि दुनिया ने वे उपहार नहीं चाहे, जो आपने गर्व से उसे दिए थे।
अगर आप मूर्ख हैं, तो यहीं आप अपनी यात्रा रोक देंगे और एक नई यात्रा शुरू कर देंगे, फिर दूसरी, और बार-बार अपने दिल को चोट पहुँचाएँगे, सिर्फ थोड़ी देर की जीत का धोखा पाने के लिए। लेकिन अगर आप समझदार हैं, तो आप खुद को टूटने देंगे और घर वापिस लौटेंगे—विनम्र होकर, और इस नए एहसास के साथ कि आपको अपने उस हिस्से से जुड़ने की ज़रूरत नहीं है जो जीतना चाहता है, पहचान चाहता है और सब कुछ जानना चाहता है। यहीं से आपका सच्चा और ऊँचा(पारलौकिक) जीवन शुरू होता है।
इसलिए हर चीज़ में विनम्रता अपनाएँ। जीवन आपका दुश्मन नहीं है, न ही आपकी कठिनाइयाँ आपकी गलती हैं। हर हार बस एक फरिश्ता है, जो आपकी बाहें खींचकर कह रहा है कि आपको सिर दीवार पर मारते रहना ज़रूरी नहीं है। उस महत्वाकांक्षी को वहीं छोड़ दें, जो अपनी अकेली महत्वाकांक्षाओं में फँसा हुआ है। बस आगे बढ़ जाएँ, और जीवन अपनी विशालता में आपको गले लगा लेगा।
मनन के लिए मूल प्रश्न:
1. आप इस विचार के बारे में क्या सोचते हैं कि नायक की पहचान छोड़ देने से आप एक ऐसा प्रेम पा सकते हैं जो अब तक के किसी भी प्रेम से अधिक संतोषजनक हो?
2. क्या आप कोई व्यक्तिगत कहानी साझा कर सकते हैं, जब किसी अप्रत्याशित जीवन घटना ने आपको तोड़ दिया हो, और कैसे उसने आपको गहरी विनम्रता और समझ दी?
3. आपको क्या चीज़ मदद करती है ऐसा बनने में कि आप विनम्र रहें और अपने अंदर के उस हिस्से को छोड़ दें जो हर समय जीतना चाहता है ताकि जीवन अपनी पूरी विशालता में आपको अपना सके?